द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले में जमीन विवाद को लेकर हो रही मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताज़ा मामला तिसरी थाना क्षेत्र के खिजूरी गांव से सामने आया है, जहां जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। देखते ही देखते पूरा इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया। इस झड़प में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।.jpeg)
घायलों में खिजूरी निवासी प्रवीण विश्वकर्मा और सतीश विश्वकर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।.jpg)
पीड़ित प्रवीण विश्वकर्मा ने तिसरी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि वे अपने नवनिर्मित मकान में बैठे थे, तभी गांव के ही मनोज तुरी, सुखदेव तुरी समेत 40-50 लोग हरवे-हथियार के साथ पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पथराव भी किया गया, जिससे उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
मामले पर तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार ने बताया कि जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। वहीं घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।