logo

राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत तय, बीजेपी की मंशा उजागर हुई : विनोद कुमार पांडेय

नगलद्7.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने दावा किया है कि झारखंड में हो रहे राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त समर्थन है और चुनाव परिणाम को लेकर किसी तरह का संशय नहीं है। पांडेय जामताड़ा के दुलाडीह नगर भवन में आयोजित झामुमो के जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देकर राज्य का राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम के जरिए जनता के बीच भ्रम फैलाने और गलत संदेश देने की कोशिश की गई है।

हॉर्स ट्रेडिंग की चर्चा पर उठाए सवाल

राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की आशंकाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर पांडेय ने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त की चर्चा तब शुरू हुई जब चुनाव मैदान में तीसरे प्रत्याशी की एंट्री हुई। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की राजनीतिक मंशा साफ दिखाई देती है। उनके अनुसार, चुनाव को अनावश्यक रूप से त्रिकोणीय बनाने का प्रयास किया गया है। झामुमो नेता ने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने अपना उम्मीदवार उतारने के बजाय एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन क्यों दिया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास पर्याप्त राजनीतिक ताकत है तो उसे सीधे अपने उम्मीदवार के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहिए था।

बूथ सम्मेलन में दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

दुलाडीह नगर भवन में आयोजित बूथ स्तरीय सम्मेलन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का संदेश दिया गया।

 

Tags - JMM Rajya Sabha Election Jharkhand Politics Jamtara News INDIA Alliance