logo

रैयती जमीन पर सेना के अतिक्रमण के विरोध में ग्रामीण एकजुट हुए, आंदोलन की धमकी

4322.jpg

द फॉलोअप, रांची

रांची के हिनू खोखमा टोली और हुंडरू पोखर टोली में शुक्रवार को ग्रामीणों की बैठक आयोजित कर रैयतों की गैर-अधिग्रहित जमीन पर स्थानीय सेना द्वारा कथित जबरन अतिक्रमण के प्रयास के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सेना द्वारा रास्ता, आवागमन और पेयजल पाइपलाइन पर रोक लगाई जा रही है, जिससे आम लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने राज्य सरकार और स्थानीय सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से इस भूमि विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की। उनका कहना था कि बिना अधिग्रहित रैयती जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और अपनी जमीन व अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता बहा कच्छप और सुधीर टोप्पो ने की। पूर्व पार्षद सह एयरपोर्ट विस्थापित मोर्चा के अध्यक्ष अजीत उरांव, प्रकाश टोप्पो, सुरेश गोप, सुखनाथ लोहरा, अरुण गोप, संदीप तिर्की, महादेव तिर्की और आनंद टोप्पो समेत अन्य वक्ताओं ने ग्रामीणों को संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Tags - Raiyati land Ranchi Army encroachment villagers agitation