logo

गोड्डा : जर्जर बिजली तार की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

godda_nnn_er6ty7.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के भगैया पंचायत स्थित खंधार गांव में जर्जर विद्युत तार की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तार से बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है और बिजली फोल्ड की समस्या आम हो गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो वर्षों से गांव में बिजली तार जर्जर अवस्था में है और कई जगह पर तारों में फोल्ड की समस्या है। तेज धूप और बारिश के दौरान बिजली फोल्ड होकर लाइन कट जाती है, जिससे एक से दो दिन तक बिजली सप्लाई बंद हो जाती है और उन्हें काफी परेशानी होती है। इसके बावजूद विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन मरम्मत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।
गांव के कई ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में महगामा विधायक और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के कहने पर ट्रांसफार्मर बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि बिजली तार भी बदला जाएगा, जो अब तक नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और दीपिका पांडेय जिंदाबाद के नारे भी लगाए। उनका कहना था कि जर्जर तार कभी भी सड़क पर और घरों के ऊपर टूटकर लटक सकता है, जिससे किसी की जान भी जा सकती है। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तार नहीं बदला गया तो वे सड़क जाम करने पर विवश होंगे।


 

Tags - Godda news Godda news Updates latest Godda News Godda News in Hindi godda Updates Godda Updates in Hindi latest godda News godda bijli Vibhag Villagers protest against Electricity department