logo

बड़कागांव : गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीणों का थाना घेराव, 2 दिन पूर्व NTPC परियोजना बैठक में हुआ था हिंसक विवाद

ntpc_n.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुँच गया है। बीती रात बड़कागांव पुलिस ने हरली और बादाम इलाकों से 5 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद आज सुबह सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीण जिनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल ने बड़कागांव थाना का घेराव कर दिया।

थाने के सामने ही मुख्य सड़क पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया, जिससे छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालात को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

दो दिन पहले हुआ था बड़ा हिंसक टकराव

आपको बताते चलें कि दो दिन पहले ही बड़कागांव में ग्रामीण और एनटीपीसी के वरीय पदाधिकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। यह झड़प बादम कोल खनन परियोजना को लेकर आयोजित ग्राम सभा के दौरान हुई।

मामला उस वक्त बिगड़ा जब महुगाई कला पंचायत के सुकुल खपिया गांव स्थित पंचायत सचिवालय में हो रही बैठक में भारी संख्या में ग्रामीण विरोध के लिए पहुँच गए। अचानक भीड़ उग्र हो गई और ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता के वाहनों समेत कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी, एनटीपीसी के अधिकारी और ग्रामीण घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग अस्पताल भेजा गया।

स्थिति तनावपूर्ण, पर नियंत्रण में बताई जा रही
घटना के बाद से ही प्रशासन की टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है, लेकिन गिरफ्तारी के विरोध में आज हुए प्रदर्शन ने एक बार फिर इलाके में तनाव बढ़ा दिया है। फिलहाल, पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और सड़क जाम हटाने की कोशिश जारी है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar barkagaon news hazaribagh news NTPC news hazaribagh latest news