जमशेदपुर
जमशेदपुर से बीजेपी सांसद विद्युत वरण महतो ने संसदीय प्रदर्शन के क्षेत्र में एक और उपलब्धि अपने नाम की है। उन्हें वर्ष 2026 का संसद रत्न पुरस्कार से नवाजा गया है। लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन और लगातार सक्रियता के लिए उन्हें यह पुरस्कार लगातार पांचवीं बार प्रदान किया गया है। नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के भीम हॉल में आयोजित समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। खास बात यह है कि लगातार पांचवीं बार यह पुरस्कार पाने वाले विद्युत वरण महतो देश के पहले सांसद हैं। सम्मानित होने के बाद सांसद विद्युत वरण महतो ने इस उपलब्धि को जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें संसद भेजा है, उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाना है।
.jpeg)
जनता की आवाज को संसद तक पहुंचाना ही उनका एकमात्र लक्ष्य
वे किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा नहीं करते, बल्कि कोशिश रहती है कि क्षेत्र से जुड़े हर छोटे-बड़े महत्वपूर्ण मामले को संसद के माध्यम से सरकार के संज्ञान में लाया जाये। सांसद ने कहा कि जमशेदपुर के मुद्दों के साथ-साथ वे झारखंड और राष्ट्रीय स्तर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को भी सदन में यथासंभव उठाने का प्रयास करते हैं। सवालों और चर्चाओं के माध्यम से सरकार का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करना और उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना ही उनके काम का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनता की आवाज को संसद तक पहुंचाना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन के तत्वावधान में सांसद रत्न अवार्ड कमेटी की ओर से वर्ष 2026 के संसद रत्न पुरस्कार प्रदान किये गये। इस वर्ष उत्कृष्ट संसदीय प्रदर्शन के लिए 10 लोकसभा सदस्यों, दो राज्यसभा सदस्यों और चार संसदीय समितियों को सम्मानित किया गया। सांसदों का चयन बजट सत्र के अंत तक लोकसभा में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

इन्हें भी मिला संसद रत्न
वर्ष 2026 के संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित अन्य सांसदों में जगदंबिका पाल, पीपी चौधरी, निशिकांत दुबे, डॉ. एकनाथ शिंदे, प्रवीण पटेल, लुंबा राम चौधरी, हेमंत विष्णु स्वर, स्मिता उदय वाघ, नरेश गणपत म्हास्के, मेधा विश्राम कुलकर्णी और नरहरि अमीन शामिल हैं। चार संसदीय समितियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें कृषि संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी, वित्त संबंधी समिति के अध्यक्ष भर्तृहरि महताब, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज समिति के अध्यक्ष सप्तगिरि शंकर उलाका तथा कोयला एवं खान संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर शामिल हैं।