logo

हजारीबाग के हुटपा में युवक की रहस्यमयी मौत पर बवाल, हत्या का आरोप; सड़क जाम कर परिजनों का प्रदर्शन

EDED11.jpg

हजारीबाग
हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हुटपा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमृत नगर निवासी चीकू वर्मा के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।


अस्पताल पहुंचे परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि चीकू वर्मा की हत्या की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए। घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
इधर, मुफ्फसिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यदि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नूतन नगर चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर कई घंटों तक जाम लगाया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। देर शाम तक प्रशासन लोगों को समझाने और जाम हटाने के प्रयास में जुटा रहा।

Tags - RanchiNewsChikuVermaRoadJamCrimeNewsJharkhandNews