गिरिडीह:
गिरिडीह के पचंबा थाना परिसर में गुरुवार देर रात नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी की शिकायत को लेकर हाईवोल्टेज हंगामा हो गया। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस को सख्ती करनी पड़ी और लाठी भांजकर भीड़ को थाना परिसर से बाहर किया गया। जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग लड़की अपने साथ हुई कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर पचंबा थाना पहुंची थी। उसके साथ भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू भी मौजूद थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी अन्य लोगों के साथ थाना पहुंच गए। इसके बाद थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।

दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद बिगड़ा माहौल
थाना परिसर में बातचीत के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इससे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के बीच तनाव बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती बरती। पुलिस ने लाठी भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
.jpeg)
भाजपा नेताओं के पहुंचने से फिर गरमाया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव और आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता व कार्यकर्ता पचंबा थाना पहुंच गए। नेताओं के पहुंचने के बाद एक बार फिर मामला गरमा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे। थाना प्रभारी राजीव कुमार की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और भाजपा-आजसू नेताओं के बीच थाना के स्वागत कक्ष में काफी देर तक बातचीत हुई।
.jpeg)
कार्रवाई की मांग पर अड़े भाजपा नेता
बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने नाबालिग की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता भी सुरक्षित नहीं हैं। नेताओं ने मांग की कि नाबालिग के साथ कथित छेड़खानी करने वाले युवक के साथ-साथ उसके पिता और आरोपी को संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस से मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की मांग की।
.jpeg)
डीएसपी के आश्वासन के बाद शांत हुए नेता-कार्यकर्ता
मामले को लेकर डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी कोई भी हो, कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी के आश्वासन के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता शांत हुए। इसके बाद देर रात करीब एक बजे सभी लोग पचंबा थाना परिसर से बाहर निकले। पचंबा थाना परिसर में देर रात तक चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। एक तरफ नाबालिग की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना में जुटे रहे, वहीं दूसरी तरफ दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। अब पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।