डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन था। 3 बजे चुनाव प्रचार का शोर थमा और इससे पहले दोनों ही गठबंधन दलों को दिग्गज नेताओं ने पूरी ताकत झोंकी। यूपीए की ओर से जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद रोड शो कर शक्ति-प्रदर्शन किया तो वहीं एनडीए की ओर से बाबूलाल मरांडी ने डोर टू डोर कैंपेन के जरिए प्रत्याशी यशोदा देवी के लिए वोट मांगा। आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने भी नवाडीह में पदयात्रा कर यह जताने का प्रयास किया कि डुमरी की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि यहां 18 वर्षों से जारी झामुमो राज खत्म होगा और एनडीए की जीत होगी। आजसू ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंका भी जाहिर की।
चंद्रप्रकाश चौधरी को गड़बड़ी की आशंका
आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने मतदान के दिन गड़बड़ी की आशंका जताते हुए निर्वाचन आयोग से अर्धसैनिक बलों को तैनात करने की मांग की। उन्होंने, मतदान में गड़बड़ी की आशंका जाहिर करते हुए कहा कि हमे संदेह है कि पुलिस और प्रशासन सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में काम करेगा। उन्होंने कहा कि इसकी बानगी दिखी जबकि हमारे कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार के दौरान परेशान किया गया। चंद्रप्रकाश चौधरी ने द फॉलोअप से बातचीत में दावा किया कि इस बार डुमरी में जीत एनडीए की होगी। उन्होंने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी-आजसू को अलग-अलग लड़ने का खामियाजा भुगतना पड़ा था लेकिन इस बार गठबंधन में हम मजबूत हुए हैं। उन्होंने झामुमो कार्यकर्ताओं पर डुमरी में दहशत और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि डुमरी में बदलाव होगा।

आजसू प्रमुख सुदेश महतो का जीत का दावा
डुमरी में आजसू-बीजेपी कार्यकर्ताओं को सत्तारुढ़ दल की शह पर प्रशासन द्वारा परेशान किए जाने के आरोपों पर आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि अब भय खत्म हो गया और जय का माहौल है। उन्होंने कहा कि डुमरी में पहले लोग दूसरी पार्टी का झंडा भी नहीं लगाते थे। सीएम के रोड शो पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को काम का शो करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी पदयात्रा में उमड़ी भीड़ यह बताती है कि जीत हमारी होगी। बाबूलाल मरांडी द्वारा बीजेपी कार्यकर्ताओं को अगवा किए जाने का आरोपों का समर्थन करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यहां झामुमो के लिए कोई आचार-सहिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अपना बुनियादी काम भी नहीं किया।
सीएम हेमंत ने रोड शो कर दिखाई अपनी ताकत
यूपीए की तरफ से उनके स्टार प्रचारक हेमंत सोरेन ने डुमरी में रोड शो किया। हेमंत सोरेन पूरे रोड शो के दौरान सनरुफ कार से जनता का अभिवादन करते रहे। उनके पीछे बाइक में झामुमो कार्यकर्ताओं को हुजूम चल रहा था। हेमंत सोरेन ने ट्विटर पर लिखा कि "जगरनाथ दा को सच्चा सम्मान, डुमरी चुनेगा तीर-कमान"। सीएम ने भी डुमरी में झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी के जीत का दावा करते हुए जनता से भी अपील की कि वे जगरनाथ महतो को 18 साल के सेवा कार्यों को ना भूलें।