द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के हटिया स्थित धुर्वा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव ग्राम सिटियो में संत जेवियर स्कूल के सामने सड़क के दूसरी ओर बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की नजर जब शव पर पड़ी, तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अचानक इस तरह शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

दूसरी जगह हत्या कर शव फेंके जाने का संदेह
आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को यहां लाकर फेंका गया होगा। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और न ही युवक की मौत की वजह स्पष्ट हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

मृतक की पहचान में जुटी धुर्वा थाना पुलिस
शव मिलने की जानकारी मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और जांच प्रक्रिया शुरू की। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर युवक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कौन था, उसकी मौत कैसे हुई और शव सिटियो गांव में किस परिस्थिति में पहुंचा। मामले के खुलासे के लिए मृतक की पहचान करना पुलिस के सामने पहली चुनौती है।