जमशेदपुर
जमशेदपुर के पारडीह चौक पर रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में बाइक सवार रोहित दास (20) की मौत हो गयी। हादसा सुबह करीब 5 बजे काली मंदिर के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सड़क पर पड़ा मिला युवक, पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद जब स्थानीय लोगों ने सड़क पर युवक को पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि मृतक काली मंदिर के पास रहता था। दुर्घटना के वक्त रोहित बाइक से पारडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।.jpeg)
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दूसरी ओर, अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस पारडीह चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस हादसे के बाद फरार हुए वाहन की पहचान और उसके भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास करेगी।.jpeg)
बाइक पर नहीं लगी थी आगे-पीछे नंबर प्लेट
इधर, रोहित जिस पल्सर बाइक से जा रहा था, उस पर आगे और पीछे दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस बाइक के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उसके पंजीकरण और मालिक की जानकारी जुटा रही है।