logo

रांची जिले में मंईयां सम्मान योजना के तहत 3.25 लाख महिलाओं को मिली मई माह की राशि

maiyan_samman_yojna.jpg

रांची
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' के अंतर्गत रांची जिले की लाखों माताओं को मई माह की सम्मान राशि (₹2500 प्रति लाभुक) का भुगतान कर दिया गया है। प्रथम चरण में जिले के 3 लाख 25 हजार 51 लाभुकों के बैंक खातों में कुल ₹81 करोड़ 26 लाख 27 हजार 500 की राशि आधार-आधारित ट्रांसफर की गई है। योजना का उद्देश्य वृद्ध एवं असहाय महिलाओं को आर्थिक सहयोग देकर उनके सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करना है।


सबसे अधिक लाभुक सदर, कांके और मांडर में
रांची जिले के सभी 26 प्रखंडों और नगर निगम क्षेत्रों में यह राशि भेजी गई है। इनमें सदर शहरी क्षेत्र के 24,989, कांके के 26,486, मांडर के 19,309 और सिल्ली के 16,759 लाभुक शामिल हैं। इसके अलावा बेड़ो, बुढ़मू, चान्हो, ओरमांझी, नामकुम, रातू, सोनाहातू, तमाड़, अनगड़ा जैसे क्षेत्रों से भी हजारों महिलाओं को इस योजना का लाभ प्राप्त हुआ है।
नगर निगम क्षेत्र के तहत आने वाले अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल, नामकुम शहरी, कांके शहरी एवं नगड़ी शहरी जैसे इलाकों में भी बड़ी संख्या में लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई। यह भुगतान पूर्ण रूप से आधार लिंक्ड व्यवस्था के तहत हुआ, जिससे पारदर्शिता और सटीकता बनी रही।

प्रशासन की अपील - आधार लिंकिंग कराएं, सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने ऐसे सभी पात्र लाभुकों से आग्रह किया है कि वे शीघ्र अपने खाते में आधार सीडिंग करवा लें, ताकि अगली किस्त बिना रुकावट मिले।
साथ ही, भौतिक सत्यापन का कार्य भी जिले में तीव्र गति से जारी है। जिन महिलाओं का सत्यापन अभी तक लंबित है, उन्हें अपने आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क कर सत्यापन प्रपत्र प्राप्त करना होगा और जरूरी दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सत्यापन के पश्चात पात्रता तय की जाएगी और अगली किश्त में उन्हें भी शामिल किया जाएगा।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest