logo

हजारीबाग में अनियंत्रित ट्रेलर ने 3 वाहनों को मारी टक्कर, 2 की मौत

hazaribagh_accident.jpg

हजारीबाग
हजारीबाग के चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास रविवार सुबह करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से टकरा गया. हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर में सवार दो लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर संख्या BR 52 G 7513 बिहार शरीफ से ईंट लेकर रांची की ओर जा रहा था. सुबह के समय चरही एनएच ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए.
सड़क किनारे खड़े दो वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त
हादसे की चपेट में आया ट्रक संख्या UP 83 BT 4773 प्लास्टिक दाना लेकर पानीपत से विशाखापत्तनम जा रहा था. बताया जा रहा है कि ट्रक चालक प्रकाश होटल के पास चाय पीने के लिए वाहन खड़ा कर रुका हुआ था. तभी पीछे से आए ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. इसके अलावा सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा.

एनएच पर यातायात कुछ समय तक रहा बाधित
घटना की सूचना मिलते ही चरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. ट्रेलर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच पर यातायात बाधित रहा. बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है.

 

Tags - Hazaribagh road accident Bihar Sharif to Ranchi trailer crash Jharkhand highway accident news NH overbridge accident Jharkhand India highway crash latest news