logo

चाकुलिया के जंगल में युवती से गैंगरेप, बॉयफ्रेंड ने दोस्त संग मिलकर की दरिंदगी; केस दर्ज

gangrape6.jpg

पूर्वी सिंहभूम:

पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थानाक्षेत्र में 26 वर्षीय युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता के बयान पर पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के रहने वाले 2 युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।

चांदुआ जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप
पीड़िता ने पुलिस को दिये बयान में बताया है कि वह चाकुलिया थानाक्षेत्र की रहने वाली है। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के चांदुआ गांव निवासी छोटू मुर्मू से पिछले करीब 2 वर्षों से थी। आरोप है कि 21 अगस्त की शाम छोटू उसे चाकुलिया थानाक्षेत्र से सटे चांदुआ जंगल की ओर ले गया। वहां उसने अपने एक साथी कांग्रेस मुर्मू को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि चांदुआ जंगल पश्चिम बंगाल और चाकुलिया थाना क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है, जहां यह घटना होने की बात सामने आयी है।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की। किसी तरह वह वहां से बचकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार को परिजन उसे लेकर चाकुलिया थाना पहुंचे, जहां दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है
इधर, मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में उनके गांव भी पहुंची, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। चाकुलिया पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। दूसरी ओर घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Tags - Jharkhand NewsGangrapePoliceChakulia Gangrape