सरायकेला-खरसावां:
Seraikela-Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो स्थित पांडे ढाबा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुभाष कर्मकार (20) और लाया मुखी (19) के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान पांडे ढाबा के समीप एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई मुन्ना राय ने तत्परता दिखाते हुए पीसीआर पेट्रोलिंग वाहन की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही थी। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि मृतकों में सुभाष कर्मकार जमशेदपुर के धतकीडीह स्थित मुखी बस्ती का रहने वाला था, जबकि लाया मुखी कपाली ओपी क्षेत्र की झोपड़ी बस्ती का निवासी था।

कम उम्र में मौत से परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
कम उम्र में दोनों युवकों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल कपाली ओपी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने में लगी है।