logo

पूर्वी सिंहभूम में करैत का कहर, जमीन पर सो रहीं दो महिलाओं की सांप के डसने से मौत

पूर्वी सिंहभूम में करैत का कहर, जमीन पर सो रहीं दो महिलाओं की सांप के डसने से मौत

पूर्वी सिंहभूम 

पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्र डुमरिया प्रखंड में करैत सांप के डसने से दो महिलाओं की मौत हो जाने से इलाके में दहशत है। दोनों महिलाएं अपने घर में जमीन पर सो रही थीं, तभी जहरीले करैत ने उन्हें डस लिया। गंभीर हालत में दोनों को डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद दोनों की जान नहीं बचायी जा सकी। पहली घटना डुमरिया प्रखंड के बहादुरपुर गांव की है। यहां 18 वर्षीय सौरवी सरदार रात में घर के अंदर जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसके गले और बाएं हाथ की उंगली पर डस लिया। शरीर के दो हिस्सों में काटने के कारण जहर तेजी से फैल गया। वहीं उनके परिजनों ने आनन-फानन में सौरवी सरदार को डुमरिया सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया और शव को गांव ले गये।

बहादुरपुर और बेसारपहाड़ी गांव में मातम

वहीं, दूसरी घटना बेसारपहाड़ी गांव में घटी। यहां 28 वर्षीय मिनी महाकुड घर में जमीन पर सो रही थी, तभी करैत सांप ने उसके बाएं हाथ में डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। इस मामले में शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा। इधर, घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़ लिया और पहचान के लिए उसे बोतल में बंद कर अस्पताल तक साथ साथ लेकर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, करैत का विष बेहद घातक माना जाता है और समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की हालत तेजी से बिगड़ सकती है। एक ही इलाके में सांप के डसने से दो लोगों की मौत के बाद बहादुरपुर और बेसारपहाड़ी गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में भय का माहौल है।

Tags - Snake Bite Two Women Dead Snakebite Death