द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदादा स्थित पोटका मोड़ के पास शनिवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद देर रात तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। वहीं, रविवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों के बीच मुआवजा को लेकर सहमति बनी, जिसके बाद दोनों किशोरों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार नाबालिगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे केड़ो गांव निवासी दुर्गा हेम्ब्रम (15) और मार्शल सोरेन (14) की घटनास्थल पर मौत हो गई। मृतक गहरे दोस्त थे और सिदो-कान्हू स्कूल, केड़ो के छात्र थे। शनिवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद दोनों दुर्गा के मामा की स्पलेंडर बाइक लेकर कालियाबेड़ा बाजार कपड़े खरीदने गये थे। बाजार से लौटने के दौरान पोटका मोड़ के पास एफसीआई का अनाज अनलोड कर लौट रहे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
.jpeg)
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की और चालक को खदेड़कर पकड़ लिया। लोगों ने उसे ट्रक के सामने ही रस्सी से बांध दिया और सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि वाहन मालिक को मौके पर बुलाया जाये और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। इधर, सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण देर रात तक शव उठाने को तैयार नहीं हुए। दूसरी ओर हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दुर्गा आठवीं और मार्शल छठी कक्षा के मेधावी छात्र बताये जा रहे हैं। घटना के बाद पूरी रात माहौल तनावपूर्ण बना रहा और शव सड़क पर ही पड़े रहे। इससे सुंदरनगर से लेकर जुगसलाई तक लंबी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। वही, रविवार सुबह पुलिस ने दोबारा मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद चालक को ग्रामीणों के बंधन से मुक्त कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।