द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक के पास बीती रात अचानक आग लगने से दो दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आग सबसे पहले एक चाय और सब्जी की दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते बगल की पंचर दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से रात में ही पानी के टैंकर मंगवाए गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। इस अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से जांच और मुआवजे की मांग की है।
.jpg)