पाकुड़/नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिला न्यायालय परिसर से बुधवार को सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ हत्या के मामले में दोषी करार दिए गए चार अपराधी में से दो अपराधी पुलिस हिरासत से फरार हो गए। मामला अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में हुई एक हत्या से जुड़ा है। इस केस की सुनवाई एडीजे प्रथम (ADJ 1) न्यायालय में चल रही थी, जिसमें कुल चार आरोपी शामिल थे। बुधवार को अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर सभी चार अभियुक्तों को हत्या का दोषी करार दिया।
दोषी करार दिए जाने के बाद पुलिस चारों को न्यायिक अभिरक्षा (Judicial Custody) में जेल भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी कर रही थी। इसी बीच, दो दोषी-नरेन महली और शिवधान महली ने बाहर जाने का बहाना बनाया और पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गए।
अदालत परिसर से अपराधियों के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार दोषियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जायेगा।