logo

आदित्यपुर फायरिंग केस में 2 गिरफ्तार, बड़ी रकम की लालच में किया था हमला

आदित्यपुर फायरिंग केस में 2 गिरफ्तार, बड़ी रकम की लालच में किया था हमला

सरायकेला-खरसावां:

Adityapur Firing Case: सरायकेला खरसावां (Saraikela-Kharsawan) जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार रात हुए गोलीकांड (Adityapur Firing) का पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कल्लू खान के घर पर अब्दुल जाफर को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी। गोली जाफर के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। जाफर का इलाज जमशेदपुर के टीएमएच (TMH) में चल रहा है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने एक संदिग्ध प्रकाश चंद्र नायक को पकड़ लिया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में प्रकाश चंद्र नायक भी घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की।

घटना को लेकर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 269/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 333, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ओडिशा से पकड़ा गया एक हमलावर
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। लगातार दबिश के बाद पुलिस टीम ने ओडिशा से डब्लू महतो उर्फ पदमलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया। वहीं, मौके से पकड़े गए प्रकाश चंद्र नायक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

बड़ी रकम के लालच में किया था हमला
सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों को आशंका थी कि जाफर के घर अवैध धंधे से अर्जित बड़ी रकम रखी हुई है। इसी रकम को हासिल करने के इरादे से आरोपी वहां पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, गोली चलने की घटना से पहले करीब एक घंटे तक वहां बातचीत भी हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ा और जाफर को निशाना बनाकर गोली चला दी गई। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और लगातार छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

हत्या और लूट के केस में काट चुका है सजा
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी प्रकाश चंद्र नायक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वह हत्या और लूट के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ गोलीकांड से जुड़े पूरे घटनाक्रम और इसके पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है।

Tags - Jharkhand NewsAdityapur Firing CaseSaraikela KharsawanJharkhand Crime News