logo

हाथियों को भगानेवाली बंगाल से आयी टीम के दो सदस्यों की दुर्घटना में मौत

hathi10.jpg

द फॉलोअप, हजारीबाग

हजारीबाग में हाथियों के आतंक के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। हाथी भगाने के लिए बुलाए गए दल की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य सात लोग घायल हैं और इलाजरत हैं। बताया जा रहा है कि अंगो थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथियों का भारी उत्पात जारी है। भटके हुए पांच हाथियों के झुंड में से एक हाथी के उग्र होने की सूचना है। बीते दो रातों में हाथियों के हमले से सात लोगों की मौत हो चुकी है और चार लोग घायल हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग ने पश्चिम बंगाल से विशेष हाथी भगाओ दस्ता मंगाया था, जो पिछले आठ दिनों से इलाके में सक्रिय था।

इसी बीच आज यह टीम चरही थाना क्षेत्र के कजरी गांव से वापस चुरचू की ओर एक सवारी गाड़ी से लौट रही थी। तभी ओपी घाटी के पास मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गाड़ी में कुल 10 लोग सवार थे। हादसे में दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक गंभीर घायल को रांची के रिम्स रांची भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को हजारीबाग के शेख मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आगे की कार्रवाई जारी है।

Tags - Elephant terror Hazaribagh Bengal team accident two killed eight injured