द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौवा माइल घाटी में शनिवार रात 28 मार्च को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कार में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कोडरमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों कारें नवादा से कोडरमा की ओर आ रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घायलों की पहचान नालंदा निवासी 35 वर्षीय संजय पासवान, 8 वर्षीय आराध्या कुमारी, 10 वर्षीय अभिराज कुमार, 18 वर्षीय प्रिंस कुमार, रांची निवासी 31 वर्षीय चंदन कुमार, नवादा निवासी 45 वर्षीय जनक देवी और 40 वर्षीय शिवांति देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत घटनास्थल से फरार हो गया।