द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा थाना क्षेत्र के सरखेलडीह मोहल्ले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के कान की बाली झपट ली और फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना ने पूरे रिहायशी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, अपराधियों ने झपट्टा मारकर उसके कान की सोने की बाली छीन ली। झपट्टा इतना जोरदार था कि महिला का कान बुरी तरह फट गया और मौके पर काफी खून बहने लगा।
पीड़िता के पति इकबाल अंसारी ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे। सूचना मिलने पर जब वे पहुंचे, तो उनकी पत्नी घायल अवस्था में मिलीं। उन्होंने बताया कि छीनी गई बाली की कीमत 2 लाख रुपये से अधिक है। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से मामले की जानकारी ली और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस की टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त कम होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
.jpg)