logo

जामताड़ा में तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग फेरीवाले को रौंदा, मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम   

jam_acc1.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हो गया। बगतरफा गांव के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मोपेड सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घायल बुजुर्ग की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के शहरपुर गांव निवासी 60 वर्षीय कासिम मियां के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासिम मियां पेशे से फेरीवाले हैं और अपनी मोपेड (दोपहिया वाहन) पर सूप-डलिया लादकर बेचने का काम करते हैं। रविवार को भी वे रोजमर्रा की तरह अपने घर से नजदीकी गांवों में घूम-घूमकर सामान बेचने के लिए निकले थे।

ग्रामीणों घायल को पहुंचाया अस्पताल

इसी दौरान जैसे ही वे हाईवे पर बगतरफा गांव के पास पहुंचे, नारायणपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कासिम मियां मोपेड समेत सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए भागने का प्रयास कर रहे ट्रक को मौके पर ही दबोच लिया। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए एक निजी वाहन की व्यवस्था की और घायल बुजुर्ग को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नारायणपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन उनकी हालत अत्यंत नाजुक और चिंताजनक देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

हाईवे पर प्रदर्शन 

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। दुर्घटना की खबर मिलते ही घायल के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सुरक्षा और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी मुराद हसन ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया और समझा-बुझाकर महज 10 मिनट के भीतर हाईवे से जाम हटवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Tags - Road Accident Elderly Man Injured Hit and Run Attempt Highway Blockade Police Action