logo

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का सड़क हादसे में निधन

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का सड़क हादसे में निधन

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का सड़क हादसे में निधन हो गया। बताया जाता है कि जमशेदपुर में हाइवे में सड़क दुर्घटना में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया। हादसे की तस्वीरें सामने आई है, जिसमें कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई पड़ती है। कार के कलपुर्जे सड़क पर यहां-वहां बिखरे हैं। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त कार को गैस कटर से काटकर मृतकों का शव बाहर निकाला गया और MGC अस्पताल भेजा गया।

जमशेदपुर मरीन ड्राइव सड़क पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार तड़के करीब 3 बजे की है। हादसा जमशदेपुर मरीन ड्राइव सड़क पर हुआ जहां सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे पहले से खड़े कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में  2 युवतियां और 2 युवक हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी दी है कि कार और टक्कर के टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि लोग नींद से जाग गए। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल है। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ऑफिशियल X पर लिखा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

 


 

 

Tags - Dipika Pandey SinghTrisha SinghDipika Pandey Singh Daughter DiesJamshedpur