द फॉलोअप, रांची
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत हुए नेताओं, हस्तियों और नीट के छात्रों को श्रद्धांजलि दी गयी। दो मिनट का मौन रख कर विधायकों ने मृत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके अलावा नीट परीक्षा के दिवंगतों और असम के बाढ़ में मृतकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की गयी। राज्य सरकार की ओर से असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए तीन करोड़ की सहायता राशि दिए जाने की भी घोषणा की गयी।

सदन में पूर्व परिवहन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक माधव लाल सिंह को याद किया गया. पूर्व पशुपालन मंत्री और धनबाद के पूर्व विधायक मन्नान मलिक को भी श्रद्धांजलि दी गई. इसके अलावा पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता, हरि राम, पूर्व खनन मंत्री लक्ष्मण राम और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री मुकुल रॉय को भी याद किया गया। सदन में कई अन्य प्रमुख हस्तियों को भी श्रद्धांजलि दी गई. इनमें डॉ. डीवाई पाटिल, भुवन चंद्र खंडूरी, गायिका आशा भोसले, शायर बशीर बद्र, सुभाष कश्यप, एच. के. दुआ, तीजन बाई, जसपाल राणा, क्रिकेटर गोपीनाथ, खोरठा साहित्यकार सुरेश विश्वकर्मा और झारखंड आंदोलनकारी कृष्ण कुमार महतो व दामू बांड्रा शामिल रहे। इस दौरान मांडू के विधायक निर्मल कुमार ने अपने क्षेत्र में सड़क हादसों, हाथियों के हमले, वज्रपात और खदान धंसने की घटनाओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है. उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को भी आर्थिक सहायता देने की मांग की।
