logo

कल 7.45 बजे विधानसभा में दी जाएगी “टाइगर” को श्रद्धांजलि, इन रास्तों से गुजर कर उनके पैतृक आवास पहुंचेगी शव यात्रा

1722.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सूबे के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर शुक्रवार को चेन्नई से रांची बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंचेगा। सीएम हेमंत सोरेन खुद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाकर उनके पार्थिव शरीर को लेकर विधानसभा पहुंचेंगे। इधर, जगरनाथ महतो उर्फ टाइगर का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम की विवरणी जारी की गई है। इसके तहत रांची एयरपोर्ट से सुबह 7.30 बजे झारखंड विधानसभा के लिए प्रस्थान किया जाएगा। 7.45 बजे झारखंड विधानसभा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। 8.30 बजे झारखंड विस से हरमू स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के कार्यालय के लिए प्रस्थान किया जाएगा। सुबह 9.00 बजे झामुमो पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सड़क मार्ग से डुमरी विधानसभा के प्रस्थान किया जाएगा। सिकिदिरी, गोला, पेटरवार, जैनामोड़, तुपकाडीह, फुसरो और नवाडीह के रास्ते पार्थिव शरीर को ले जाया जाएगा। इसके तहत 10.30 बजे पेटरवार, 11.00 बजे जैनामोड़, 11.15 बजे तुपकाडीह, 11.45 बजे फुसरो, 12.15 बजे नवाडीह, 1.00 बजे डुमरी अनुमंडल कार्यालय, 1.45 बजे नावाडीह कोदवाडीह के रास्ते बीएड कॉलेज सिंगारी मोड़ अलारगो और 2.00 बजे पैतृक आवास पहुंचेगा।

 

बोकारो के भंडारीदह में राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि

दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ होगी। यह निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। इसको लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से सूचना जारी की गई है। सरकार के संयुक्त सचिव अखलेश कुमार सिन्हा की ओर से बोकारो डीसी व एसपी को कहा है कि दिवंगत मंत्री की अंत्येष्टि दिन के 4.30 बोकारो के भंडारीदह में किए जाने की सूचना है। राज्य सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ कराने का निर्णय सरकार ने लिया है, इसलिए आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करें।

राज्यकीय शोक किया गया है घोषित

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो के निधन के बाद राज्य सरकार ने 6 और 7 अप्रैल के 2 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस अवधि में सभी भवनों जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाते हैं वहां राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। दो दिन तक किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT