सरायढेला
झारखंड के पहले नगर विकास मंत्री और जनता मजदूर संघ के पूर्व महामंत्री बच्चा सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर आज सूर्यदेव नगर कॉलोनी स्थित "सर्वोदय" आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। मजदूरों के मसीहा कहे जाने वाले बच्चा सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए कोयलांचल भर से मजदूर नेता, राजनेता और समाजसेवी बड़ी संख्या में जुटे।
कार्यक्रम की शुरुआत जनता मजदूर संघ की अध्यक्ष और झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत और बच्चा सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई।
इस मौके पर झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रिजेन्द्र सिंह, बीसीसीएल के एरिया 9 और 10 के महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जनता मजदूर संघ की ओर से सुभाष सिंह, रामकृष्ण पाठक, जटाशंकर सिंह, मुन्ना सिंह, सुग्रीव सिंह, मृणालकांत सिंह, सुबोध सिंह, अभिषेक सिंह, नीलम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा निवर्तमान पार्षद चंदन महतो, रविन्द्र, निरंजन, आफताब अंसारी, जय कुमार, सीटू से मानस चटर्जी, मासस से सुंदरलाल महतो, विंदा पासवान समेत अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन जनता मजदूर संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह ने किया, जबकि हर्ष सिंह, जितेंद्र सिंह, सूरज सिंह सहित अन्य सदस्यों ने आगंतुकों का स्वागत किया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने बच्चा सिंह के मजदूर हितों के लिए किए गए संघर्षों और सामाजिक योगदान को याद किया और उन्हें एक प्रेरणास्रोत बताया। सभा का समापन भावनात्मक वातावरण और संकल्प के साथ हुआ कि मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाया जाएगा।
