द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में गुरुवार की देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां हाथियों के झुंड ने छह लोगों को कुचलकर मार डाला। मृतकों में एक साल का मासूम बच्चा से लेकर 50 वर्ष से अधिक आयु के लोग शामिल हैं। यह हादसा अंगो थाना क्षेत्र और चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, पांच हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुस आया। उस समय सभी ग्रामीण अपने-अपने घरों में सो रहे थे। हाथियों ने एक घर का गेट उखाड़ दिया और अंदर घुसकर सो रहे लोगों को बेरहमी से कुचल डाला। इस भयावह हमले में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25), अनुराग राम (1) और संजना कुमारी (3) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड पिछले एक महीने से क्षेत्र में विचरण कर रहा था। वन विभाग की ओर से समय-समय पर अलर्ट जारी किए जा रहे थे, लेकिन इतनी बड़ी त्रासदी को रोका नहीं जा सका। पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा वन विभाग पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गौरतलब है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रामगढ़ और गोमिया प्रखंड में भी हाथियों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले ही गोमिया में हाथियों के हमले में पांच लोगों की जान चली गई थी। लगातार बढ़ती घटनाओं ने वन विभाग की तैयारियों और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।