द फॉलोअप डेस्क
पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायती राज विभाग नौ थीम पर काम कर रहा है। इसी थीम पर योजनाओं का चयन किया जाएगा। इसको लेकर झारखंड में सबसे पहले रांची के नामकुम प्रखंड कार्यालय में दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पंचायती राज निदेशक निशा उरांव ने बताया कि नौ थीम में गरीबी मुक्त और उन्नत आजीविका गांव, स्वस्थ गांव, बाल हितैशी गांव, जल पर्याप्त गांव, स्वच्छ और हरित गांव, गांव में आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन वाला गांव और महिला व बाल हितैशी गांव शामिल है। उन्होंने बताया कि इसी थीम पर योजनाओं का चयन कर उस पर जमीनी स्तर पर कार्य किया जाएगा। इसके मद्देनजर इससे जुड़े लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षु योजनाओं का कर सकते हैं चयन
निशा उरांव ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस प्रशिक्षण के उपरान्त प्रशिक्षु अपने पंचायत/गांव को विकसित करने के लिए योजनाओं का चयन कर सकते हैं। इसके साथ ही गांव के लोगों को प्रशिक्षण देकर विकास में भागीदार बना सकते हैं। मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र चौबे ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश दिए। मौके पर डीडीसी दिनेश कुमार यादव, बीडीओ ज्ञान शंकर जायसवाल, प्रमुख आशा कच्छप, उप प्रमुख वीणा देवी सहित राज्यस्तर के प्रशिक्षक तथा सभी 24 जिलों के डीपीएम, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, जेएसएलपीएस, कृषि विभाग, कल्याण विभाग, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन के प्रतिनिधि समेत सहायक अभियंता व कनीय अभियंता, सभी मुखिया, पंचायत सचिव व संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT