द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के पूरक मानसून सत्र का कल गुरुवार को अंतिम दिन होगा। इसके बाद मानसून सत्र को स्पीकर अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर देंगे। उसके बाद कैबिनेट से सत्रावसान पर मुहर लगते ही मानसून सत्र की समाप्ति हो जाएगी। तय विधायी कार्य के अनुसार गुरुवार को विधानसभा की प्रथम पाली में प्रश्नकाल होगा। इसमें विधायकों के अल्पसूचित, तारांकित प्रश्न लिए जाएंगे। शून्यकाल होगा। फिर सरकार जरूरी समझती है तो कोई विधायी कार्य करा सकती है। वैसे संभावना है कि कांग्रेस की ओर से सदन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव लाया जा सकता है। अब तक कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव व सत्ता पक्ष के कई अन्य सदस्य सदन में गुरुजी को भारत रत्न देने की मांग कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि सदस्यों की भावना पर सदन विचार करेगा। उम्मीद है कि कल कांग्रेस द्वारा लाए जानेवाले प्रस्ताव को सदन की मंजूरी मिले। मालूम हो कि प्रथम अनुपूरक बजट के अलावा पांच महत्वपूर्ण विधेयको को सरकार पास करा चुकी है। अपने महत्वपूर्ण काम को अंजाम दे चुकी है।

गुरुवार को सदन की दूसरी पाली में सरकार किसी जरूरी विधायी कार्य को संपन्न करा सकती है। इसके बाद विधायकों के गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे। इसमें लगभग अधिकतर विधायक शामिल होते हैं। वे अपने क्षेत्र या राज्य के किसी गंभीर समस्या या मांग को लेकर सदन में अपना संकल्प लाते हैं। सरकार द्वारा उस मांग की पूर्ति का ठोस आश्वासन नहीं दिए जाने पर उसे वोटिंग के माध्यम से निरस्त कर दिया जाता है। 81 सदस्यी वर्तमान विधानसभा में लगभग 40-45 विधायकों द्वारा गैर सरकारी संकल्प लाये जाने का इतिहास रहा है। गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा करने में कम से कम तीन से चार घंटे का समय लगता है। फिर स्पीकर और सदन नेता मुख्यमंत्री के समापन भाषण से सत्र को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने की घोषणा होती है।
.jpeg)