logo

खतरे के निशान पर पहुंचा तिलैया डैम का जलस्तर, इन जिलों में अलर्ट जारी

tilaiya1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तिलैया डैम का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार को डैम के गेट खोल दिए गए हैं। डीवीसी प्रबंधन ने जानकारी दी है कि डैम से प्रति सेकंड 1000 क्यूबिक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।

गेट खोलने के बाद डीवीसी ने हजारीबाग,कोडरमा जिला प्रशासन समेत गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा जिलों को अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही डैम के आसपास बसे गांवों में माइकिंग के जरिए लोगों से डैम के किनारे जाने से परहेज़ करने की अपील की गई है। एहतियात के तौर पर डैम में बोटिंग और आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

डैम के हेडल इंचार्ज सैयद महताब कादरी के नेतृत्व में तकनीकी टीम लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर रही है। उन्होंने बताया कि डैम का जलस्तर खतरे के निशान को छू रहा था और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है। इसी वजह से पानी डिस्चार्ज करने का फैसला लिया गया।

साथ ही, तिलैया डैम पर स्थित पनबिजली उत्पादन केंद्र से भी प्रति सेकंड 650 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar tilaiya dam tilaiya dam water flow danger zone koderma newswater level