द फॉलोअप डेस्क
बरही के तिलैया डैम में गुरुवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतकों की पहचान 21 वर्षीय दीपक कुमार और 20 वर्षीय प्रीतम अभिषेक के रूप में की गई है। मिली खबर के मुताबिक प्रीतम बिहारशरीफ निवासी मनोज कुमार के पुत्र थे। पुलिस ने बताया है कि दोनों युवक अपने दोस्त सागर कुमार का जन्मदिन मनाने चार अन्य साथियों के साथ निकले थे। हादसे के बाद बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे को लेकर सागर कुमार के अनुसार, गुरुवार को उसका जन्मदिन था। वह अपने चार दोस्तों के साथ परिजनों को पारसनाथ घूमने जाने की बात बताकर पटना से हटिया-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से कोडरमा आया था। वहां से सभी दोस्त ऑटो से तिलैया डैम गए। इसके बाद वे तिलैया बस्ती की ओर स्थित डैम के पास पहुंचे और शाम करीब चार बजे नहाने के लिए डैम में उतरे।
इस तरह हुआ हादसा
इसी बीच दीपक और प्रीतम गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथियों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वे कामयाब नहीं हो सके। इस दौरान एक स्थानीय नाविक की नजर डूबते युवकों पर पड़ी। उसने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। हादसे की खबर मिलने पर ग्रामीणों की मदद से बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों शवों को उनके तीन साथियों की मौजूदगी में बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों के परिवार को घटना की खबर दे दी गई है।
