द फॉलोअप डेस्क
दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने नगर परिषद स्थित डिप्टी टोली विसर्जन तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा और सुविधा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया तथा पूजा पंडाल समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रतिमा विसर्जन केवल रैम्प के माध्यम से किया जाए। श्रद्धालु पानी में न उतरें और न ही गहराई में जाएं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने नगर परिषद प्रशासक पदाधिकारी को तालाब परिसर में पर्याप्त रोशनी, गोताखोरों की व्यवस्था और पानी की गहराई तक किसी के न जाने के लिए रस्सी से बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
.jpeg)
साथ ही पंडाल समितियों से कहा गया कि विसर्जन स्थल पर भीड़ नियंत्रण के लिए दो से तीन सदस्यों की प्रतिनियुक्ति की जाए। ये सदस्य विसर्जन प्रक्रिया पर नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि एक बार में कितने लोग मूर्ति विसर्जन कर रहे हैं। अधिकारियों ने समय-पालन पर भी जोर दिया और कहा कि जुलूस को समय पर निकालकर निर्धारित समय पर तालाब तक पहुंचाना आवश्यक है, जिससे विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
विदित हो कि आज सिमडेगा के सभी पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। शाम से भव्य शोभायात्रा निकालकर प्रतिमाओं को विसर्जन तालाब तक पहुंचाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद प्रशासक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, दुर्गा पूजा समिति के सदस्यगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
