जमशेदपुर
कप्तान सौरभ अग्रवाल की अगुवाई में टाइगर नाइट्स ने जमशेदपुर गोल्फ लीग (JGL) सीजन-9 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। बेलडीह गोल्फ कोर्स में खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में टाइगर नाइट्स ने रोहित सिंह की कप्तानी वाली ईगल आई को सडन-डेथ प्लेऑफ में मात देकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ टाइगर नाइट्स ने JGL इतिहास में लगातार तीन खिताब जीतने की उपलब्धि हासिल करते हुए चैंपियनशिप की हैट्रिक पूरी की। 36 होल के बाद दोनों टीमें 20-20 अंकों के साथ बराबरी पर थीं, जिसके बाद मुकाबला प्लेऑफ और फिर सडन-डेथ तक पहुंचा। 
सडन-डेथ में टाइगर नाइट्स की ऐतिहासिक जीत
प्लेऑफ के पहले होल में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला बराबरी पर रहा। दूसरे होल में ईगल आई के अक्षय ने नेट बर्डी लगाकर मुकाबले को फिर बराबरी पर ला दिया। तीसरे होल में टाइगर नाइट्स के निखिल अडेसरा और हर्ष कुमार पांडे ने दबाव के बीच शानदार पार खेलते हुए मुकाबले को सडन-डेथ तक पहुंचाया। निर्णायक सडन-डेथ होल में निखिल अडेसरा का टी-शॉट पानी में चला गया, लेकिन हर्ष कुमार पांडे ने संयम और शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए नेट बर्डी लगाकर टाइगर नाइट्स को ऐतिहासिक जीत दिला दी। फाइनल में ईगल आई ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कप्तान रोहित सिंह के नेतृत्व में टीम ने आखिरी शॉट तक कड़ी चुनौती पेश की और मुकाबले को यादगार बना दिया। 
ऑडी रांची का मिला सहयोग
सौरभ अग्रवाल (कप्तान), हर्ष कुमार पांडे, जीतू पटेल, निखिल अडेसरा, निशांत झा, पुनम दोशी, रोहित नरेंद्र तिवारी, संदीप अडेसरा, संजय वर्मा, तरनप्रीत सिंह खनुजा, तृप्ति सिंह, वरुण सोनी और विनायक सिद्धि। टाइगर नाइट्स ने अपनी ऐतिहासिक जीत का श्रेय टीम के शीर्ष प्रायोजक ऑडी रांची और उसके स्वामी अमन पटनायक को दिया। टीम ने उनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। 
तीन माह तक चला JGL-9, आयोजन समिति की सराहना
लगभग तीन महीने तक चले JGL सीजन-9 के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों ने आयोजन समिति की जमकर सराहना की। खिलाड़ियों ने गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरा रामम, गोल्फ सेक्रेटरी नीरज सिन्हा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन सिंह के नेतृत्व और प्रयासों की प्रशंसा की। गौरतलब है कि उत्कृष्ट प्रबंधन, प्रतिस्पर्धी माहौल और शानदार आयोजन के कारण JGL-9 खिलाड़ियों और गोल्फ प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुआ।