बोकारो
बोकारो राधानगर पंचायत के लावाटांड़ में गुरुवार आज सुबह रेलवे ट्रैक से तीन युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बोकारो और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान और पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर जीआरपी बोकारो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर एक मृतक की पहचान गोमिया प्रखंड के मडवाडीह टीकाहारा बरकीपुनु गांव निवासी सूरजलाल सोरेन के बेटे बबलू सोरेन के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे युवक का नाम दीपक सोरेन बताया जा रहा है। तीसरे युवक की पहचान और उसके विवरण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटनास्थल का निरीक्षण और फॉरेंसिक जांच
पुलिस को घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों युवकों की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, हालांकि घटना के सटीक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। जीआरपी पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बालीडीह इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बारीकी से शव के अलावा घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।