गिरिडीह
गिरिडीह जिले में अपराध नियंत्रण, कांडों के अनुसंधान एवं लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. विमल कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन थाना प्रभारियों को शोकॉज जारी किया है। एसपी ने जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, सरिया थाना प्रभारी पिक्कू कुमार और तिसरी थाना प्रभारी शम्भूनाथ ईश्वर से विभिन्न मामलों में स्पष्टीकरण मांगा है। जानकारी के अनुसार समीक्षा बैठक में संबंधित थानों के कार्यों, कांडों के निष्पादन तथा अनुसंधान की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।

समय सीमा के भीतर जवाब देने का निर्देश
एसपी ने तीनों थाना प्रभारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित अधिकारियों द्वारा दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। वहीं एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है। माना जा रहा है कि जिले में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
