द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के खूंटी स्थित तोरपा थाना क्षेत्र की कोटेंगसेरा छाता नदी के तट पर बालू डंपिंग यार्ड के पास अवधेश यादव की जेसीबी मशीन में करीब एक सप्ताह पहले आग लगाई गई थी। इसका खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल पीएलएफआई के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कामडारा थाना क्षेत्र के कुली गांव के विनोद कुमार (30), तोरपा थाना क्षेत्र के ईचाग्वार टोली के उमेश गोप (23) के साथ एक नाबालिग (17) को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तारी की जानकारी शुक्रवार को एसडीपीओ ओम प्रकाश तिवारी ने अपने कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।

गोली व पीएलएफआई का पर्चा बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने सात जिंदा गोली, दो मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, पीएलएफआई का पर्चा और दो पीएलएफआई का चंदा रसीद बरामद किया है। पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि 19 मई की रात दो बजे के लगभग पांच से छह अपराधियों दो लोगों के हाथ में पिस्टल व बाकी के पास लाठी डंडे थे। उग्रवादियों ने अवधेश यादव के जेसीबी चालक को मारपीट कर भगा दिया था और जेसीबी में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी। इस घटना के बाद एसपी अमन कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तोरपा एसडीपीओ ओम प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में एक टीम गठन कर कांड में शामिल उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/IgMHnUDDYLBDxlPX7oOXWz