द फॉलोअप डेस्क, रांची:
पश्चिमी सिहंभूम जिला अंतर्गत सारंडा इलाके में कुइली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। अचानक आई बाढ़ की चपेट में आकर 2 महिलाओं समेत 3 लोग बह गए। एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकियों की तलाश जारी है। नदी में बह गए तीनों लोग बहदा गांव के रहने वाले थे। गौरतलब है कि रविवार देर शाम को कुइली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और इसका प्रवाह काफी तेज हो गया। इस बीच अंत्येष्टि कार्यक्रम से लौट रहे बोसेन सिद्धू, सुनीता सिद्धू और बहदा गांव निवासी रोया सिद्धू की मां इसकी तेज धार में बह गए।

अंत्येष्टि कार्यक्रम से लौटने के दौरान हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को एक ग्रामीण की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद सभी नदी पार करके अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान पहाड़ी इलाके में तेज मूसलाधार बारिश हो रही थी। बारिश की वजह से कुइली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और इसका बहाव इतना तेज हो गया कि तीन ग्रामीण नदी की तेज धारा में बहते चले गए। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें तलाशना शुरू कर दिया। आखिरकार सोमवार को घटनास्थल से 500 मीटर दूर एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान रोया सिद्धू की मांग के रूप में की गई।
नदी में बहे दो ग्रामीणों की तलाश जारी है
गौरतलब है कि हादसे में मुंडा रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू और बहदा गांव निवासी बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश में ग्रामीण नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में लगातार खोज अभियान चला रहे हैं। तेज बारिश और नदी के खतरनाक बहाव के कारण तलाश अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं।