logo

झारखंड की नाबालिग लड़की के साथ ओडिशा में 3 लोगों ने किया रेप, कॉल कर दी जान से मारने की धमकी

rape34.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ओडिशा के राउरकेला में शनिवार देर शाम को रांची की एक नाबालिग लड़की के साथ 3 लोगों ने गैंगरेप किया। घटना राउरकेला के प्लांट साइड थाना क्षेत्र की है, जहां नाबालिग को स्टेडियम के पीछे ले जाकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता सहेली के साथ अपनी बहन के घर राउरकेला घूमने आई थी। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने पीड़िता को रात को कॉल किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने लड़की की सहेली के साथ भी दुर्व्यवहार किया। घटना की जानकारी नाबालिग ने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाकर दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एक्शन लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 


ऐसे हुई घटना

मामले की जानकारी देते हुए जोनल डीएसपी निर्मल महापात्रा ने बताया कि रांची निवासी नाबालिग सहेली के साथ अपनी बहन के घर घूमने आई थी। घटना के दिन शनिवार को दोनों चप्पल खरीदने राउरकेला मार्केट जा रही थी। तभी बिसरा चौक के पास आरोपियों से उन्होंने चप्पल दुकान का पता पूछा, तो आरोपी उन्हें बरगला कर स्टेडियम के पीछे ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात बहन के घर पहुंच कर पीड़िता ने घटना की जानकारी दी। रविवार को पीड़िता ने बहन के साथ प्लांट साइड थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई। 


आरोपियों और पीड़िता की होगी मेडिकल जांच

घटना की एफआईआर दर्ज होते पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया और टीम गठित की। पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस आरोपियों और पीड़िता की मेडिकल जांच करवाएगी। 


ऐसे गिरफ्तार हुए आरोपी

आरोपियों ने दुष्कर्म के समय पीड़िता का मोबाइल नंबर ले लिया था और उसे लगातार फोन कर घटना की जानकारी किसी को भी देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। रविवार सुबह जब आरोपियों ने पीड़िता को फोन कर धमकी दी, तो पुलिस ने उनका कॉल ट्रैक कर लिया। इसकी मदद से पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर पाई।   

Tags - rape minor girl Jharkhand Jharkhand News News Jharkhand