logo

रांची में हुई उपेंद्र मिश्रा की हत्या समेत तीन कांडों का खुलासा, हत्या और लूट के दो आरोपी गिरफ्तार

3571.jpg

द फॉलोअप, रांची

रांची पुलिस ने एक ही रात में हत्या, लूट और चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, लूटे और चोरी किए गए मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक,26 अगस्त 2026 को औघड़ बाबा आश्रम के बगल स्थित झाड़ी में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। सत्यापन और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव की पहचान उपेन्द्र कुमार मिश्रा (32 वर्ष), निवासी कुम्हार टोली, कृष्णावाडो, सुखदेवनगर, रांची के रूप में हुई। परिजनों के लिखित आवेदन पर कोतवाली थाना कांड संख्या 189/26 दर्ज किया गया। आरोप है कि उपेन्द्र की चाकू मारकर हत्या करने के बाद उसका मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी।

एक ही रात तीन घटनाओं का खुलासा

जांच के दौरान पुलिस को अरगोड़ा थाना क्षेत्र में भी एक अन्य वारदात की जानकारी मिली। **सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक को चाकू मारकर उसका मोबाइल लूटने की घटना सामने आई। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया। इसी रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित निर्माणाधीन भवन में दो लोगों के घुसकर मोबाइल चोरी करने की घटना भी हुई। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 232/26 दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को तीनों घटनाओं के बीच समानता मिली। पुलिस के अनुसार, घटनाओं को एक ही रात में समान तरीके से और एक ही प्रकार के अपराधियों द्वारा अंजाम दिया गया था। अपराधियों की कार्यशैली को शातिर और खतरनाक मानते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।

SIT ने दो आरोपियों को दबोचा

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल रॉय के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया।

SIT ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

1. सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर, पिता-श्रवण कुमार तांती, निवासी विद्यानगर रोड नंबर-1, कुम्हार टोली, सुखदेवनगर, रांची।
2. राकेश कुमार यादव, पिता-सिंगेश्वर राय, निवासी न्यू आनंदपुरी चौक, छठ घाट, विद्यानगर, हरमू, सुखदेवनगर, रांची।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटे-चोरी किए गए मोबाइल बरामद किए गए।

चार मोबाइल और चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें मृतक और ट्रक चालक से लूटे गए एक-एक मोबाइल, एक मजदूर से चोरी किया गया मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल शामिल है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल फोल्डेबल स्टेनलेस स्टील चाकू, घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर पहले भी चोरी, लूट और अवैध मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर, अरगोड़ा और चुटिया थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। वहीं राकेश कुमार यादव भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में वर्ष 2023 में धारा 457/380 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

SIT और छापामारी दल में ASP कोतवाली निखिल रॉय, वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया नीरज कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा समेत कोतवाली, अरगोड़ा, सुखदेवनगर थाना और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।


 

Tags - Ranchi Crime Two Arrested Three Incidents