द फॉलोअप डेस्क
अंतरराष्ट्रीय वन दिवस एवं विश्व जल दिवस पर दिनांक 20 से 22 मार्च तक आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। अंतिम दिन समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख झारखंड डॉ० संजय श्रीवास्तव थे। उन्होंने कार्यक्रम में जल के महत्व, उसकी उपयोगिता एवं उसके संरक्षण के संबध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रकृति, वन एवं जल की सुरक्षा विषय पर त्रिदिवसीय आयोजित “ अखिल भारतीय स्प्रिंग आर्ट कैंप –प्रकृति 2023’’ पर झारखंड सहित ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों से आये कलाकारों (चित्रकारों) को स्मृति चिह्न, प्रमाण-पत्र देकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

पलाश सभागार में लगाई गई थी प्रदर्शनी
कार्यक्रम को लेकर कलाकारों द्वारा प्रकृति, वन एवं जल के प्रबंधन एवं संरक्षण विषय पर इन तीन दिनों में की गई चित्रकारी की प्रदर्शनी लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से पलाश सभागार के प्रागंण में लगाई गई थी। कार्यक्रम की समाप्ति पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक कैम्पा संजीव कुमार ने सभी को धन्यवाद दिया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT