द फॉलोअप डेस्क
सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल 23 जून से होगा। चित्रपट झारखंड- "सार्थक सिनेमा से समृद्ध संस्कृति" एवं भारतीय चित्र साधना के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 23, 24 एवं 25 जून 2023 को सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल- 2023 का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर गोपाल पाठक की अध्यक्षता में बोर्ड रूम में आयोजन समिति के सदस्यों की समीक्षा बैठक की हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर गोपाल पाठक ने कहा कि स्थानीय कला एवं प्रतिभा का ना केवल स्थानीय स्तर बल्कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित की जा रही है। उन्होंने फिल्म फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के विभिन्न विभागों के सभी सदस्यों को पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हुए कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डाला।

फिल्में दस्तावेज होती हैं, जो इतिहास का कराती हैं बोध - डॉ. प्रदीप
चित्रपट झारखंड फिल्म महोत्सव के प्रेजिडेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि चित्रपट केवल मनोरंजन ही नहीं संस्कार एवं संस्कृति के वाहक भी होते हैं। झारखंड की संस्कृति केवल देखने की नहीं अपितु भाग लेने की है। फिल्में दस्तावेज होती हैं, जो इतिहास का बोध कराती हैं। उन्होंने कहा कि चित्रपट झारखंड के द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के विश्व बंधुत्व भाव के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र को सकारात्मक सृजन, संस्कृति संपन्न एवं रोजगारोन्मुख बनाते हुए भारतीय सिनेमा में भारतीयता, भारतीय पारिवारिक मूल्यों तथा सामाजिक चेतना को बढ़ावा देकर अपने सांस्कृतिक मूल्यों को संबल प्रदान करना चित्रपट झारखंड का ध्येय है।

चयनित फिल्मों को 30 मई तक किया जाएगा अधिसूचित
चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2023 में फिल्म जमा किए जा रहे हैं, जिसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। कैंपस फिल्मों के लिए 100 रुपए प्रति फिल्म एवं अन्य श्रेणियों के लिए 250 रुपए प्रति फिल्म निर्धारित किए गए हैं। चयनित फिल्मों को 30 मई 2023 तक अधिसूचित किया जाएगा। बैठक के दौरान कुलसचिव प्रो विजय कुमार सिंह, प्रो एसबी दंडीन, हरि बाबू शुक्ला, डॉ अशोक कुमार अस्थाना, डॉ पार्थ पॉल, डॉ राधा माधव झा, अजय कुमार, प्रवीण कुमार, आशुतोष द्विवेदी सहित विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT