logo

जामताड़ा : साइबर ठगी में संलिप्त 3 ठग गिरफ्तार, कैशबैक का लालच दे कर करते थे धोखाधड़ी

we5n7w46.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देश पर पुलिस ने मिहिजाम और नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने साइबर ठगी में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों में नसीम अंसारी, सद्दाम अंसारी और बिरेन्द्र मंडल शामिल हैं।
ये तीनों आरोपी साइबर ठगी के बेहद चौंकाने वाले तरीके से ग्राहकों से ठगी करते थे। इन अपराधियों ने Magicpin ऐप के माध्यम से PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजकर ग्राहकों को आकर्षित किया। मैसेज में ग्राहक से यह अनुरोध किया जाता था कि वह कैशबैक एक्सेप्ट करें, और जैसे ही ग्राहक एक्सेप्ट करता, उनका पैसा आरोपी के खाते में चला जाता। इसके बाद, आरोपित ग्राहक के पैसों से गिफ्ट कार्ड खरीदते और फिर उन गिफ्ट कार्ड्स को कमीशन पर बेच देते थे। साथ ही, ये आरोपी व्हाट्सऐप पर RTO e-challan या SBI क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजते थे और फिर उसे इंस्टॉल करवाकर मोबाइल की गोपनीय जानकारी चुराते थे, जिससे ई-वॉलेट से ठगी की जाती थी।
पुलिस को इन आरोपियों की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में एक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस अधिकारियों मनीष कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार, अमृत कुमार राम समेत अन्य जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल, 14 सिम कार्ड, 1 आधार कार्ड, 44,900 रुपये नकद, और 1 मोटरसाइकिल बरामद की। इस मामले में जामताड़ा साइबर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह बिहार, झारखंड, और पश्चिम बंगाल में सक्रिय था और इनका नेटवर्क इन तीन राज्यों में फैला हुआ था।


 

Tags - Latest Jharkhand Jharkhand Updates latest Jharkhand latest updates HAM Party Jharkhand in hindi Jamtara News in hindi latest Jamtara news Jamtara news updates Jamtara updates in hindi Jamtara news in Hindi