जामताड़ा
जामताड़ा में साइबर थाना पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने रंगे हाथ 3 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी अमित रविदास और साइबर अपराध थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के द्वारा हाईटेक तरीकों से ठग किया जाता था। फेक कैशबैक का झांसा और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के जरिए लोगों से ठगी की जाती थी।
.jpg)
गोपनीय जानकारी चुराकर खाते से पैसे उड़ा लेता था
पुलिस ने बताया कि आरोपी समीम अंसारी और कैफ अंसारी 'Ease My Deal' ऐप के जरिए 'PhonePe' पर ₹1,999 का फर्जी कैशबैक मैसेज भेजते थे। जैसे ही कोई यूजर इसे स्वीकार करता, पैसे सीधे ऐप में ट्रांसफर हो जाते थे। इसके बाद ये लोग गिफ्ट कार्ड खरीदकर उसे कमीशन पर बेच देते थे। वहीं आरोपी मुस्तकीम अंसारी खुद को एसबीआई (SBI) का बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करता था। वह ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर उनके मोबाइल में धोखाधड़ी वाली APK FILE डाउनलोड करवा लेता था और उनकी गोपनीय जानकारी चुराकर खाते से पैसे उड़ा लेता था।
पुलिस टीम ने पहली छापेमारी कर्माटांड़ के ग्राम पारटोल के पास एक बांस झाड़ी में की, जहां से दो अपराधियों को पकड़ा गया। वहीं, दूसरी छापेमारी ग्राम ताराबहाल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बरामदे में की गई, जहां से एक और अपराधी दबोचा गया।
.jpeg)
सतर्कता में ही बचाव है
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुगापहाड़ी निवासी समीम अंसारी (24 वर्ष), राजा मिठा निवासी कैफ अंसारी (19 वर्ष) और बरियारपुर निवासी मुस्तकीम अंसारी (38 वर्ष) शामिल हैं। मुस्तकीम का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल और 4 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले को लेकर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ नए कानून B.N.S 2023, I.T. ACT और TELE COMMUNICATIONS ACT 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस दौरान साइबर डीएसपी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई संदिग्ध APK फ़ाइल डाउनलोड करें। सतर्कता में ही बचाव है।