logo

जब झारखंड के इस जिले में रास्ता भटक गए MS DHONI, जानिए फिर क्या हुआ ?

DHONI2023-08-12_at_10_47_33_PM.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 

महेंद्र सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जिसमें दिख रहा है कि धोनी अपने घर का रास्ता भूल गए हैं और जंगल के बीच में अपनी गाडी रोककर राह चलते अंजान शख्स से रास्ता पूछ रहे हैं. इसमें धोनी अपने बचपन के दोस्त सीमांत लोहानी चितु के साथ बैठे हुए दिख रहे हैं. चितु ड्राइविंग सीट पर हैं और धोनी बगल वाली सीट पर. धोनी गाड़ी का शीशा नीचे करते हैं और रांची जाने का रास्ता पूछते हैं. तबतक गाडी के बगल में खड़ा युवक बता रहा है कि आगे गोलचक्कर आएगा उसके बाद रांची की तरफ चले जाइएगा। धोनी मुस्कुराते हैं फिर दो ऊँगली ऊपर कर विक्टरी साइन दिखाते हुए पूछते हैं कि कौन सेकेंड मूर्ति वाला गोल चक्कर क्या ? वहां खड़े युवक बताते हैं कि हाँ सेकेंड मूर्ति वाला गोलचक्कर। उसके बाद सभी युवक धोनी के साथ तस्वीर खिंचवाने लगते हैं. धोनी भी बिना किसी हिचक के अपने फैंस के साथ तस्वीर खिंचवाने लगते हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सब कोई यह जानना चाहता है कि आखिर धोनी रांची से निकलकर किस जंगल की तरफ चले गए थे कि फिर रांची लौटने का रास्ता ही भूल ही गए. कुछ लोग तो यह भी कमेंट कर रहे हैं कि गूगल मैप के ज़माने में भी धोनी को आखिर गाडी रोककर रास्ता क्यों पूछना पड़ रहा है. क्या सचमुच धोनी इतने जंगल में चले गए थे कि इंटरनेट भी काम नहीं कर रहा था. क्या झारखंड का इलाका अभी भी इतना सुदूर है कि वहां इंटरनेट की सुविधा नहीं। कमेंट के रूप में कई सवाल हैं जो धोनी के फैंस जानना चाह रहे हैं. कुछ लोग तो धोनी की मासूमियत और सादगी पर फ़िदा है. कुछ उनके रांची वाले बोलने के अंदाज पर फ़िदा हैं जिसमें वह बोल रहे हैं कि कौन सेकेंड मूर्ति वाला क्या? 

खूंटी इलाके में रास्ता भटक गए थे धोनी 

अब आपको बता रहे हैं कि आखिर ये वीडियो कहाँ का है. दरअसल वायरल हो रहा ये वीडियो रांची से सटे खूंटी जिले का है. खूंटी एक समय देश का सबसे अधिक नक्सल प्रभावित इलाका था. शाम ढलते ही लोग इस जिले में जाना तक नहीं चाहते थे. जो जानकारी है उसके अनुसार धोनी तोरपा खूंटी रोड से रांची लौटने के दौरान भटक गए थे. धोनी तो रास्ता से अंजान थे ही, धोनी के दोस्त चितु भी रास्ता भूल गए थे. यही वजह है कि धोनी को बीच रास्ते में रूककर रास्ता पूछना पड़ा. आपको बता दें कि धोनी जब भी रांची में रहते हैं तो वह घर पर कम ही रहते हैं. अक्सर वह बाइक या फिर अपनी अलग - अलग कार उठाते हैं और सैर पर निकल जाते हैं. धोनी जहाँ कहीं भी जाते हैं उनके साथ उनके दोस्त सीमांत लोहानी जरूर रहते हैं. जो जानकारी है उसके अनुसार धोनी इस वीडियो में अपने दोस्त की गाड़ी पर ही दिख रहे हैं. हम उम्मीद करते हैं कि अब आपके मन में धोनी वीडियो से जुड़े जो भी सवाल उठ रहे थे उसका जवाब जरूर मिल गया होगा।