logo

जमशेदपुर में छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर, 2 लाख रुपये नकद समेत लैपटॉप ले उड़े; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जमशेदपुर में छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर, 2 लाख रुपये नकद समेत लैपटॉप ले उड़े; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जमशेदपुर: 
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित मल्लिक प्लाई सेंटर में रविवार देर रात चोरों ने ताला और कांच का गेट तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद समेत लैपटॉप, कागजात और अन्य सामान चोरी कर लिया। तीन चोर स्कूटी से दुकान के पास पहुंचे थे। इनमें से एक चोर दुकान के अंदर घुसकर चोरी करता रहा, जबकि उसके दो साथी बाहर स्कूटी लेकर उसका इंतजार करते रहे। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक चोर का चेहरा भी साफ दिखाई दे रहा है।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारियों को मिली चोरी की जानकारी
सोमवार सुबह कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो प्रथम तल पर लगे ग्रिल का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर कांच का गेट भी क्षतिग्रस्त था। इसके बाद दुकान की जांच की गई तो गल्ले का ताला टूटा मिला और उसमें रखे करीब दो लाख रुपये गायब थे। एक लैपटॉप के अलावा कई कागजात और अन्य सामान भी दुकान से चोरी पाया गया।

छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए चोर
जांच में सामने आया कि चोर छत के रास्ते प्रथम तल तक पहुंचे थे। वहां लगी ग्रिल का ताला तोड़ने के बाद उन्होंने कांच का गेट तोड़ा और दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद गल्ले का ताला तोड़कर नकदी निकाली और सामान लेकर बाहर निकल गए।

सीसीटीवी फुटेज में दुकान के अंदर चोरी करता दिखा युवक
घटना की सूचना मिलने पर दुकान मालिक सुमित मल्लिक मौके पर पहुंचे और जुगसलाई पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक दुकान के भीतर चोरी करता नजर आ रहा है। उसने हाफ हेलमेट पहन रखा था, लेकिन कैमरे में उसका चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

स्कूटी से फरार हुए तीनों चोर, पुलिस कर रही पहचान
वहीं, दुकान के बाहर दो अन्य युवक स्कूटी लेकर उसका इंतजार करते दिखे। दुकान के अंदर चोरी करने वाला युवक बाहर निकला और दोनों साथियों के साथ स्कूटी पर बैठकर फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

Tags - Jamshedpur Jugsalai Theft Crime CCTV Jharkhand News