logo

जमशेदपुर : छत का एस्बेस्टस काटकर दुकान में घुसे चोर, 85 हजार नकद समेत सामान ले उड़े

jamshedpur_chori_news.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बंद घरों के बाद अब चोर देर रात दुकानों को भी निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक का है, जहां बीती रात चोरों ने एक गल्ला दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर भीतर घुसे और करीब 85 हजार रुपये नकद समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गये. घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है.
नकद के अलावा 10 हजार के सामान भी गायब
जानकारी के अनुसार, पारडीह चौक स्थित महेश सिंह की गल्ला दुकान मामा स्टोर को चोरों ने निशाना बनाया. रोजाना की तरह महेश सिंह बुधवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गये थे. बताया गया कि अगले दिन दूध, दही और अन्य कच्चे सामान के भुगतान के लिए उन्होंने दुकान में करीब 85 हजार रुपये नकद रख छोड़े थे. गुरुवार सुबह करीब छह बजे जब महेश सिंह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गये. दुकान का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि चोर एसबेस्टस की छत काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए थे. चोर नकदी के अलावा करीब 10 हजार रुपये मूल्य का अन्य सामान भी अपने साथ ले गये.

स्थानियों ने की पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग
घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. वहीं, घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों ने रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है. व्यापारियों का कहना है कि हाल के दिनों में मानगो समेत शहर के कई इलाकों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं और चोर लगातार बंद घरों व दुकानों को निशाना बना रहे हैं. मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और अवैध लॉटरी संचालन पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि कई मोहल्लों में खुलेआम नशा सामग्री और अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है. उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की.

Tags - Jamshedpur theft news Mango police station theft Grocery shop burglary Jamshedpur Shop theft in Mango Jamshedpur Jamshedpur local crime news