द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले में जबरदस्त सियासी सरगर्मी देखने को मिल रही है। मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में वार्ड सदस्य से लेकर मेयर, चेयरमैन और अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले, दूसरे और तीसरे दिन को मिलाकर अब तक 465 से अधिक अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे हैं, जिससे चुनावी माहौल की शुरुआत पूरे जोश के साथ होती दिख रही है।.jpeg)
तीन दिनों में मानगो नगर निगम में मेयर (महापौर) पद के लिए अब तक कुल 17 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे हैं, जबकि 36 वार्डों के लिए 297 अभ्यर्थियों ने पर्चा लिया है। मेयर पद के लिए पर्चा खरीदने वालों में कुमकुम श्रीवास्तव, साईस्ता परवीन, अनीता देवी, काकोली महतो, जेबा कादरी, रायमुनी सुंडी, वनिता सहाय, सुधा गुप्ता, चिन्ता शर्मा, ज्योति सिंह, चंचल शर्मा, इंदिरा सुंडी, शाबाना बानो, नीलम देवी, पार्वती देवी, लक्की सिंह और संध्या सिंह शामिल हैं।.jpg)
वहीं, जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए अब तक 13 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे हैं, जबकि 22 वार्डों के लिए 98 अभ्यर्थियों ने पर्चा लिया है। अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में निलोफर हुसैन, डौली मलिक, अर्चना दूबे, मुस्सर्रत खातुन, बलबीर कौर, इंदु देवी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, रूकसाना तबसुम, नूतन सिंह, सुरैया परवीन और आरती चौधरी शामिल हैं।
इसके अलावा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए अब तक 4 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे हैं, जबकि 12 वार्डों के लिए 36 अभ्यर्थियों ने पर्चा लिया है। अध्यक्ष पद के लिए पर्चा खरीदने वालों में संध्या रानी सरदार, सुजाता मुर्मू, शीलावती टुडू और चंदना मुर्मू शामिल हैं।
हालांकि, पहले और दूसरे दिन किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया था, लेकिन तीसरे दिन वार्ड सदस्य पद के लिए कुल तीन नामांकन दाखिल हुए। 
मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या-2 से मोबीन खान, वार्ड संख्या-10 से आकाश कुमार ताती तथा चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 से तान्या असगर ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया हैं। दूसरी ओर आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने की रफ्तार और तेज होने की संभावना है। जिसे देखते हुए नामांकन प्रक्रिया को लेकर सभी संबंधित कार्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।