logo

मासूम की लाश झोले में ले जाते समय रिक्शा कहां था? आदित्य साहू ने इरफान अंसारी पर किया हमला

Raj_Article1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मंत्री इरफान अंसारी कल रिक्शा से विधानसभा पहुंचे थे। जिसके बाद विपक्ष इरफान अंसारी पर हमलावर है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इरफान अंसारी को आड़े हाथों लेते हुए करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, यह इरफान अंसारी की नौटंकी है। मंत्री अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए आए दिन ऐसी हरकतें करते रहते हैं। उन्होंने सवाल किया हैै कि आखिर जब थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाया गया था, तब इरफान अंसारी ने रिक्शा क्यों नहीं चलाया? उन्होंने आगे कहा, रिक्शे की सवारी करनी ही थी, तो उस दिन करते जिस दिन एक लाचार पिता को अपने बेटे की लाश झोले में भरकर ले जानी पड़ी थी। आज गरीबों को एम्बुलेंस नसीब नहीं हो रही है। ऐसे में अगर मंत्री इन गरीबों को रिक्शा भी उपलब्ध करा देते, तो यह उनकी बहादुरी होती।


वहीं, कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान को तथ्यहीन और राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि रिक्शा चलाना कोई नाटक नहीं, बल्कि आम जनता और गरीबों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने का एक तरीका है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा केवल आलीशान दफ्तरों तक सीमित है और उसे जमीन से जुड़े प्रतीकों से डर लगता है।